मऊ। नगर के हॉटस्पॉट क्षेत्र हठ्ठीमदारी में तीन मरीज मिलने के बाद शुक्रवार को हॉटस्पॉट का दायरा बढ़ा दिया गया है। हॉटस्पॉट दायरा 250 मीटर से 500 मीटर हो गया है। हॉटस्पॉट में शामिल नए घरों का सर्वे और लोगों की जांच के लिए 6 टीमें भी गठित की गई। वहीं नगर के दूसरे हॉटस्पॉट महमूदपुरा में तीन मरीज मिलने के बाद उसका दायरा बढ़ाने के लिए कवायद शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में डिप्टी सीएमओ डॉ. वकील अली के नेतृत्व में अर्बन पीएचसी के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक आयोजित हुई।इसमें हठ्ठीमदारी हॉटस्पॉट में आठ मरीज होने के चलते हॉटस्पॉट का दायरा 250 मीटर से बढ़ाकर 500 कर दिया है। बताया कि हॉटस्पॉट के करीब 210 घरों का सर्वे करने के लिए पांच सदस्यीय छह टीमें गठित की गई। बोले कि इन टीमों द्वारा इन घरों का सर्वे करते हुए 1400 लागों की जांच करेंगे। बोले कि एक सैंपलिंग टीम भी शामिल रहेगी, जो कि सर्वे में बाहरी या संदिग्ध मिलने पर सैंपल लेंगे।
वहीं नगर के दूसरे हॉटस्पॉट महमूदपुरा में तीन नए केस मिलने से हॉटस्पॉट में मरीजों की संख्या चार हो गई। वर्तमान में 250 मीटर क्षेत्र के हॉटस्पॉट को भी 500 मीटर करने की कवायद विभाग द्वारा की जा रही थी। बैठक में डॉ. एमए खान, डॉ. अशफाक, डॉ. अभिषेक राय, अर्बन कोर्डीनेटर देवेंद्र यादव,बाला साहेब, सोनू रानी राय, सिंपा राय, माया यादव, प्रीती सिंह आदि स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।