सदर रजिस्ट्रार कार्यालय में जांच करते आयकर विभाग के अधिकारी। संवाद
गोरखपुर और लखनऊ की आयकर विभाग की टीम बुधवार को सदर तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंची। तीन घंटे से अधिक रही टीम ने 30 लाख से अधिक रुपये के बैनामों की जांच पड़ताल की और इसके दस्तावेज अपने साथ ले गई।
दो कार से जॉइंट डायरेक्टर लखनऊ सोनल सिंह के नेतृत्व में इनकम टैक्स ऑफिसर विनीत श्रीवास्तव, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, रूपेश कुमार, अवनीश सिंह और वशिष्ठ गिरी की टीम दोपहर एक बजे रजिस्ट्री कार्यालय पहुंची।
टीम सीधे रजिस्ट्रार कार्यालय में जाकर 30 लाख रुपये से अधिक के हुए बैनामों के दस्तावेजों को लिया। इसके बाद जांच पड़ताल की। टीम ने रजिस्ट्रार अंबुज कुमार मिश्र से बैनामों के बारें में पूछताछ की।
रजिस्ट्रार अंबुज कुमार मिश्र ने बताया कि यह सामान्य जांच है। टीम को सारे दस्तावेज दिए गए हैं। यह जांच सर्वे से संबंधित रही है। एआइजी स्टांप राकेश कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने 30 लाख रुपये से अधिक के बैनामों की जांच की है। इसके बाद दस्तावेज लेकर वापस गोरखपुर रवाना हुई है। बड़े बैनामों की पुष्टि के लिए इस तरह की जांच प्रक्रिया होती है।