दुर्गा पूजा पंडालों का काम अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। शुभ मुहूर्त में दुर्गा प्रतिमाओं को विधि विधान से इनमें स्थापित किया जाएगा। पंडालों को तैयार करने में समिति के कार्यकर्ता दिन रात एक किए हुए हैं। वहीं प्रशासन भी सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध हैं। इसके लिए पीएसी, 15 सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबिल के अलावा भारी संख्या में पुलिस और होमगार्ड के जवान लगाए गए हैं।
दुर्गा पूजा समितियां पंडाल को सजाने संवारने के लिए पूरे तन मन से जुटे हुए हैं। नगर पंचायत कोपागंज में 11 , नगर पंचायत अदरी में 11 और कुर्थी जाफरपुर में नौ स्थानों के अलावा फैजुल्लाहपुर, चेरुइया, कसारा, खुंशेखपुर में दो, फतहपुर में दो, भांवरकोल, जोगीवीर, धवरियासाथ, रेवरीडीह, जयरामगढ़, गोड़सरा, भेलाबांध, रईसा, पारा, मुबारकपुर, मूंगमास, पुरानेकोपा, बाड़ा, नौसेमर, सोड़सर में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी। इसके अलावा रामलीला, दशहरा, राजगद्दी आदि को देखते हुए थाने से सात सब इंस्पेक्टर, 31 कांस्टेबिल, 19 पीएसी के अलावा अन्य थानों से आठ सब इंस्पेक्टर, 25 कांस्टेबल, 20 होमगार्ड के अतिरिक्त दो प्लाटून पीएसी के जवान सुरक्षा की कमान संभालेंगे।