थाना क्षेत्र के सहरोज दलित बस्ती के पास बुधवार को दोपहर बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क पार कर रही आठ वर्षीय किशोरी को कुचल दिया। इस हादसे में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मृतका का शव दुर्घटना स्थल के समीप सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण गांव की दलित बस्ती के पास स्पीड ब्रेकर लगाने और मृतका के परिजनों को पर्याप्त मुआवजे की मांग कर रहे थे। लगभग एक घंटे बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर नाराज लोगों को समझाया और ब्रेकर निर्माण का आश्वासन दिया तब जाकर समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रक सहित चालक को पकड़ लिया है।
सहरोज गांव निवासी दलित अशोक की बेटी पिंकी दोपहर बाद लगभग पौने दो बजे गांव के पास अंबेडकर प्रतिमा के निकट सड़क पार कर रही थी। इसी बीच डांड़ी की ओर से मतलूपुर की ओर जा रही एक खाली ट्रक ने पिंकी को कुचल दिया। ट्रक की चपेट में आते ही पिंकी की तत्काल ही मौत हो गई। किशोरी की मौत से नाराज गांव वालों ने घटना स्थल पर ही डांड़ी मतलूपुर बाई पास मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण ट्रक चालक को गिरफ्तार करने , गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनाने तथा मृतका के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग करने लगे।
दुर्घटना की जानकारी पाते ही थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी मिश्र दल बल मौके पर पहुंच गए। लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर जगदंबा सिंह और सीओ घोसी आनंद कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों तथा जिला पंचायत सदस्य मनोज राय ने ग्रामीणों को समझाया बुझाया तथा ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि शासन के निर्देशानुसार पीड़ित पक्ष को समुचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। तब जाकर ग्रामीण सड़क से हटे ।
पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। उधर दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को ट्रक सहित दक्षिण टोला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया चालक विवेकानंद मिर्जापुर जिले के पड़री का निवासी है। पुलिस ने उसके विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ घोसी आनंद कुमार ने बताया कि चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।