जिला जज सीएम दीक्षित के निर्देश पर शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में दीवानी कचहरी परिसर व उसके आसपास के इलाकों में संदिग्ध लोगों व वाहनों की चेकिंग हुई। इस दौरान काफी देर तक लोगों और कैदियों के मुलाकात करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
बता दें कि गत दिनों इलाहाबाद जिले में अधिवक्ता की हत्या व प्रदेश के अन्य कचहरियों में हुई घटनाओं गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार व उच्च न्यायालय ने प्रदेश के सभी जिला जज को पत्र भेजकर कचहरी परिसर में अवैध वाहनों
व असलहा लेकर जाने पर प्रतिबंध लगाने व सुरक्षा की दृष्टि से संदिग्ध लोगों की चेकिंग करने का आदेश दिया था। उक्त आदेश के क्रम में जिला जज सीएम दीक्षित ने भी बार के पदाधिकारियों व पुलिस अधीक्षक तथा जिलाधिकारी को पत्र भेजकर
कचहरी परिसर में बाहरी लोगों के वाहन व असलहा लेकर जाने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। साथ ही कचहरी परिसर में आने जाने वालों की चेकिंग करने को कहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में सीओ नगर अशोक यादव, सीओ घोसी डा. अजय कुमार सिंह, शहर कोतवाल डीके सिंह, एसओ दक्षिणटोला कृष्णमुरारी मिश्रा व स्वाट प्रभारी
आनंद सिंह के अलावा काफी संख्या में पुलिस व पीएसी कचहरी पहुंची। इस दौरान कचहरी परिसर व आसपास संदिग्ध लोगों व वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस की इस कार्यवाही से लोग काफी सहमें रहे। अधिवक्ताओं ने जिला जज व पुलिस के कदम की सराहना किया।