ट्रैक्टर-ट्रॉली में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही लाखों की शराब को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मऊ पुलिस ने पकड़ लिया। दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत करीब 10 लाख आंकी गई है।
यूपी के मऊ जिले में सरायलंखसी पुलिस ने शराब तस्करी गिरोह का बुधवार रात पर्दाफाश किया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में छिपाकर ले जाई जा रही 105 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर हरियाणा से शराब लेकर बिहार में सप्लाई करने जा रहे थे। बरामद शराब की कीमत करीब 10 लाख आंकी गई है।
विज्ञापन
गुरुवार को सरायलखंसी थाने में सीओ सिटी धनंजय मिश्रा ने बताया कि बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अहिलाद ग्राम के निकट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पुलिया के नीचे घेराबंदी की। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। तलाशी के दौरान 150 कार्टून में कुल 1680 शीशी (945 लीटर) हरियाणा मॉडल अवैध अंग्रेजी शराब जिसमें कुछ 375 एमएल तथा कुछ 750 एमएल की थी।
अच्छी कमाई के लिए शराब की तस्करी
पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए बताई जा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान निक्की घानुक पुत्र जय भगवान निवासी मुई उड्डा, जनपद सोनीपत हरियाणा और सावन पुत्र रमेश निवासी रिठाल नवाड़ जनपद रोहतक हरियाणा के रूप में हुई।
आरोपियों ने बताया कि शराब को हम लोग हरियाणा के रोहतक से बिहार पहुंचाते है। बिहार में शराबबंदी होने के वजह से हमें अच्छा लाभ होता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया।