उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के आजमगढ़ मंडल की मंडलीय बैठक शनिवार को नगर स्थित तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के सभागार में हुई। बैठक में नौ अगस्त को संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर प्रस्तावित धरने को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि शिक्षकों की मांग को अनसुना करना सरकार के लिए भारी पड़ेगा। अगर सरकार हमारी बात नहीं मानती है तो संगठन आगे जेल भरो आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस मौके पर संगठन के प्रदेशीय मंत्री डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि संगठन की 18 सूत्री मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर हुआ तीन दिवसीय धरना पूरी तरह से सफल रहा है। अब अधिक से अधिक जनसंपर्क करके आगामी धरने को भी सफल बनाना है। प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. दिवाकर राय शर्मा ने कहा कि संघर्ष ही संगठन की पहचान है। वरिष्ठ प्रवक्ता बलराम सिंह ने कहा कि प्रत्येक इकाई से कम से कम एक साथी धरने में शामिल होगा तो धरना सफल होगा। यादवेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका जाए। बलिया के जिलाध्यक्ष आनंद मोहन सिंह ने कहा कि मानव संपदा पर अवकाश दर्ज करते हुए शिक्षकों को धरने में शामिल होना है। मंडल अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि मंडल के तीनों जनपदों से हजारों शिक्षक धरने में भाग लेंगे और अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे। प्रदेशीय मंत्री डॉ. मधुसूदन सिंह ने कहा कि क्रांति दिवस नौ अगस्त के दिन संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिक्षक अपनी मांगों को उठाएंगे। बैठक को राजेश राय, लव राय, सतीश सिंह, राघवेंद्र सिंह, रामविलास यादव, अमरेंद्र कुमार ने संबोधित किया। संचालन मंडल मंत्री दिनेश सिंह ने किया। बैठक को जितेंद्र सिंह कुशवाहा, विजय सिंह, राजेश सिंह, रजनीश पटेल, शैलेश राय, मनोज गौतम आदि उपस्थित रहे।