जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार की देर शाम सीएम डैशबोर्ड के तहत चीफ मिनिस्टर इनफॉरमेशन सिस्टम(सीएमआईएस) के तहत जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय पर हुई। डीएम ने निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही न होने की बात कही, साथ ही अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की बात कही।
बैठक में जिलाधिकारी ने पैकफेड, यूपी सिडको,आवास एवं विकास परिषद, यूपीपीसीएल, सीएंडडीएस,जल निगम ग्रामीण एवं नगरी, सिंचाई विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सेतु निगम आदि कार्यदाई संस्थाओं द्वारा जनपद में निर्माणाधीन कुल 79 परियोजनाओं की समीक्षा की। कुछ परियोजनाओं में धन की उपलब्धता के बाद भी समय सीमा समाप्त होने पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान यूपीपीसीएल के 11 कार्य, जल निगम ग्रामीण के दो, पैकफेड के तीन,आरईडी के 9 तथा आवास विकास परिषद के भी 2 कार्य समय सीमा के बाद भी पूरा होना नहीं मिले।। जिला अधिकारी ने समस्त कार्यवाही संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं को समय सीमा का विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान देने को कहा। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। बैठक के दौरान सीडीओ प्रशांत नागर,जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकस सिंह,मुख्य अधिकारी चिकित्सा अधिकारी डॉ राहुल सिंह सहित समस्त कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।