उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मौजूद लोग और लगी प्रदर्शनी
जिला प्रशासन की तरफ से शनिवार को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस नगर स्थित जीवन राम छात्रावास के मैदान में मनाया गया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य और उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उन्होंने कहा कि जनपद विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा तभी देश और प्रदेश विकसित होगा। विद्यालयों की छात्र छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुति पर खूब ताली बजी।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों की तरफ से स्टॉल लगाए गए थे। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से टीएलएम और उद्यान विभाग की तरफ से जैविक खेती और उत्पादित साग सब्जियों का स्टाल आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्य अतिथि ने कहा कि मऊ जिले से पूर्व में वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ जाने में कम से कम 6 घंटे लगते थे लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के कारण अब यह समय बहुत ही कम हो गया है।
उन्होंने कहा कि जब जनपद विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा तभी प्रदेश एवं देश विकसित होगा। कहा कि सबको रोजगार देने का कार्य भी प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय कइयां के बच्चों द्वारा लोक नृत्य एवं गायन की प्रशंसा की।
मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को डमी चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र आदि शामिल थे।