रामपुर थाना क्षेत्र के चौधरीपुर रसूलपुर उर्फ रामपुर निवासी हरिश्चंद्र राजभर (65) की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे हरिश्चंद्र राजभर रामपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर स्थित गोपालपुर गांव में आइसक्रीम बेच रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। अस्वस्थ महसूस होने पर वह अपने ठेले के पास एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए लेट गए।
काफी देर तक उन्हें उसी अवस्था में पड़े देख आसपास के लोगों को आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।