पत्नी से विवाद के बाद मधुबन थाना क्षेत्र के कमना रामपुर गांव निवासी उमेश कुमार (30) ने बुधवार की शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पत्नी को मौत का कारण बताते हुए परिजनों ने शव छूने से मना कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेजवा दिया। उमेश के पिता तुफानी ने बताया कि उनकी बहू दुबारी में रहकर वेटर का काम करती है। होली के दिन वो घर नहीं आई थी।
बुधवार की शाम उमेश कुमार ने फोन पर अपनी पत्नी से बात की। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद से आहत होकर उमेश घर से निकल गए और गांव के सिवान में एक पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी दी। तुफानी वहां पहुंचे और शव को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव ले गए। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उमेश का एक बेटा और एक बेटी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।