Mau News : आग की सूचना मिलते ही रानीपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भुक्तभोगी के अनुसार, लाखों के सामान की क्षति हुई है। दुकानदार ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर जांच की मांग की है।
मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार में बीती रात में अज्ञात कारणों से एक दुकान में आग लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक लगभग 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात कारणों का हवाला देते हुए पुलिस को तहरीर दी, इसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी रही।
विज्ञापन
शहर कोतवाली क्षेत्र के मुंशीपुरा कालीचौरा मोहल्ला निवासी मनीष अग्रवाल की रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार में अग्रवाल ज्वेलर्स एंड ड्रेसेज के नाम से दुकान है। दीपावली के पर्व पर बीती रात दुकानदार पूजा-पाठ करने के बाद देर रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर अपने घर गया था।
विज्ञापन
शुक्रवार की भोर में करीब 3:45 बजे सुबह टहलने के लिए कुछ लोग जब निकले तो दुकान से धुआं और दुकान के दूसरी तरफ लगे रोशनदान से आग की लपटों को देखकर दुकानदार को इसकी सूचना दी। धीरे-धीरे वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
इसी बीच, स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल से आग को बुझाने की कोशिश में जुटे गए। करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंचने के बाद दुकानदार ने पीछे का दरवाजा खोला तब जाकर लोग अंदर घुसकर आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दुकान में रखा कपड़ा, रैक, कूलर, काउंटर सहित कुल दस लाख रुपए सहित दस हजार नगदी जलकर राख हो गई।
पीड़ित दुकानदार मनीष अग्रवाल की सूचना पर खुरहट चौकी प्रभारी संजय तिवारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे घटना का मुआयना किया। दुकानदार ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर जांच की मांग की।