कोपागंज। कुर्थीजाफरपुर के बासा स्थित सुनसान नलकूप पर आधा दर्जन से अधिक युवक जुआ खेल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सात को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा। सभी पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने मंगलवार देर शाम संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध वाहनों की तलाश में बसारथपुर मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बासा स्थित भूपेंद्र सिंह के नलकूप पर जुआ खेला जा रहा है। एसआई अरविंद यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ नलकूप पर छापा मारा। पुलिस को देख सभी भागने लगे लेकिन घेराबंदी में सात को पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी में कुर्थीजाफरपुर निवासी कन्हैया के पास से 700 रुपये मिले, नयापुरा कुर्थीजाफर निवासी हरिकश मद्धेशिया के पास से 800 रुपये, बसारथपुर के उमेश कुमार के पास 600 रुपये, बसारथपुर निवासी अरविंद के पास से 1000 रुपये, सरवा निवासी मल्लू के पास से 600 रुपये, कुर्थीजाफ़रपुर के अनिल के पास से 500 रुपये, कुर्थीजाफरपुर निवासी सत्येंद्र कुमार के पास से 300 रुपये सहित 4500 रुपये बरामद और ताश मिला। पुलिस सभी को पकड़ थाने लाई और केस दर्ज कर कोर्ट भेज दिया।