नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 4 काझा खुर्द में नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे स गिरा दीवाल
मऊ। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के पैतृक गांव और वर्तमान में नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 4 में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही के कारण काझा खुर्द गांव में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पीड़ित और शिक्षक रामभुवन यादव ने बताया कि नाले के निर्माण कार्य के लिए खोदा गया गड्ढा पिछले 9 दिनों से बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के यूं ही खुला छोड़ दिया गया था।
इसी बीच, गड्ढे की वजह से जमीन धंसने से उनके मकान की दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे के वक्त पास में ही खेल रहा एक बच्चा दीवार के मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। घटना के बाद से काझा खुर्द गांव के निवासियों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ गहरा गुस्सा है। पीड़ित का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों ने नाला निर्माण के नाम पर रास्ते को खोदकर छोड़ दिया, लेकिन उसे पूरा करने या वहां सुरक्षा संकेत लगाने की जहमत नहीं उठाई। 9 दिनों से जारी इस लापरवाही की कीमत उसे चुकानी पड़ी है।