सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि मर्यादपुर में बिना पंजीयन के संचालित आरूषी अस्पताल पर बीते मंगलवार को चस्पा नोटिस को फाड़कर यहां फिर से नियम को ताक पर रखकर अस्पताल का संचालन किया जा रहा है।
इसके बाद उनके नेतृत्व और एचईओ दिनेश कुमार के नेतृत्व में दो टीम बनाई गई, जिसमें एक टीम सबसे पहले बाइक से रवाना हुई है, जहां बाइक को अस्पताल से करीब एक किमी पहले ही छोड़कर यहां टीम पहुंची थी।यहां बेल्थरारोड की एक महिला भर्ती मिली, उसके साथ मौजूद महिला अंटेडर ने बताया कि उसका बीते मंगलवार की देर शाम ही आपरेशन कर प्रसव कराया गया है।
संचालक अमरजीत यादव द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया गया, न ही नोटिस को फाड़ने के बारे में सटीक जानकारी दी गई। बताया कि इस अस्पताल के रजिस्ट्रर की जांच में कई आशा कार्यकर्ताओं का नाम दर्ज होना मिला है, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि बिना पंजीयन के संचालित निजी अस्पतालों में कुछ आशा कार्यकर्ताओं की मिलीभगत से यहां मरीज को बहला फुसलाकर भेजा जा रहा है।
बताया कि महिला मरीज को इस अस्पताल से फतेहपुर मंडाव सीएचसी शिफ्ट कर अस्पताल को सील कर दिया गया। इसी क्रम में चार अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया, जबकि कई अस्पताल संचालक तो उनके पहुंचने से पहले ही अस्पताल को बंद कर फरार हो गए थे।
अस्पताल में भर्ती महिला को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र भेजते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
थियेटर में ऑपरेशन लाइट की जगह सीएफएल का लैंप
सील ऑपरेशन में बकायदा आपरेशन थियेटर तक बना हुआ था, यहां ऑपरेशन लाइट के जगह सीएफएल का प्रयोग होता मिला। बताया कि इसी रोशनी में आपरेशन होता है। अस्पताल में एक वार्ड भी बना मिला जिसमें छह बेड लगे हुए थे, जबकि दूसरे कमरे में कई बेड के कुलपूर्ज रखे गए थे।
इस अस्पताल में खुद का बिना पंजीयन के संचालित एक मेडिकल स्टोर भी मिला।संचालक ने बताया कि टीम के आने की सूचना उसे आज भी थी, लेकिन वह उम्मीद लगाकर बैठा था कि टीम चार पहिया से आएगी, जिससे उसके मुखबिर पहले ही अर्लट कर देंगे। लेकिन पैदल आने के चलते उसे भनक नहीं मिल सकी।
दो साल से संचालित हो रहा था अस्पताल, अब तक कर चुका है बीस से ज्यादा ऑपरेशन
जिस आरूषी अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील किया, वह दो साल से नियम को ताक पर रखकर संचालित हो रहा था। संचालक अमरजीत यादव ने बताया कि वह नर्सिग का कोर्स करने के बाद 2006 से ही अस्पताल संचालन कर रहा है। यहां वह बीते दो साल से अपना भवन बनाकर संचालन कर रहा था, अब तक उसके अस्पताल में बीस से ज्यादा गर्भवती महिलाओं को ऑपरेशन किया जा चुका है।
बताया कि ऑपरेशन के लिए वह जिला मुख्यालय से एक डाक्टर को बुलाता है जो कि तीन से चार हजार की राशि लेता है। वहीं, उसके अस्पताल में मरीज पहुंचाने पर दलालों को बीस फीसदी का कमीशन दिया जाता है।