वाराणसी में प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा साधु संतों पर लाठी चार्ज किए जाने के विरोध में विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर परिषद के संरक्षक गुलाब दास ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि वाराणसी में साधु संतों पर लाठीचार्ज किए जाने की जितनी निंदा की जाए वह कम ही है। कहा कि अपने ही देश में संत महात्मा सुरक्षित नहीं हैं।
हिंदू, बौद्ध, जैन व अन्यान्य हिंदू मत पंथ के वाहक मार्गदर्शक सभी संत, महात्माओं के सुरक्षा की गारंटी प्रदान की जाए। साधु संतों पर लाठीचार्ज करने की घटना के बाद भी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज तक नहीं कराया जा सका है।
प्रदर्शन करने वालों ने कहा िक अगर दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस अवसर पर रामाशीष राय, रामजी यादव, शीतल खिचड़ राजभर, गोपाल यादव, विरेंद्र साहनी आदि शामिल थे।