कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों में भी अप्रैल माह से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो गई है। सरकारी विद्यालयों में बच्चों की संख्या को लेकर प्रशासन गंभीर है। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कम बच्चों की संख्या पर बीएसए को आड़े हाथ तो लिया ही बीईओ को भी निलंबन की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम होने एवं एमडीएम को लेकर बीएसए एवं सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को कलेक्ट्रेट में सोमवार को फटकार लगाई। सभी को निर्देश दिया कि वह प्रतिदिन विद्यालयों का निरीक्षण करें और एमडीएम के साथ ही बच्चों की उपस्थिति को ठीक करें।
कहा अगर निरीक्षण की रिपोर्ट फर्जी दी तो उनके सीयूजी नंबर की डिटेल निकलवाकर यह पता किया जाएगा किस तारीख को उन्होंने किस विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले में कई ब्लाकों एमडीएम न बनने के मामले को लेकर फटकार लगाई।
कहा कि जिस ब्लाक में एमडीएम की शिकायत जितने प्रतिशत मिलेगी उतने प्रतिशत बीईओ का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। उन्होंने गर्मी को देखते हुए विद्यालयों में पानी की व्यवस्था कराने को भी कहा।
बोले कि गर्मी का मौसम आ गया है। एेसे में बच्चों के पीने के पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए समय रहते बीईओ इस पर ध्यान दें और रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।