इंदारा में आमान परिवर्तन का शिलान्यास करने के बाद कोपागंज के बापू इंटर कॉलेज में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए संचार एवं रेल राज्यमंत्री ने प्रदेश की सपा सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा मुलायम सिंह यादव जब मुख्यमंत्री थे तो वह हर जिले में अपने सूबेदार नियक्त करते थे। विदेश से पढ़कर आए भोले-भाले अखिलेश ने डीपी यादव का टिकट काट दिया। कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अखिलेश ने पिता के नियम को बदल दिया, साथ ही हर थाने में तीन पहरेदार तैनात कर दिया।
आप पर गोली चल जाए तो अगर आप इन पहरेदारों से नहीं मिले तो उल्टे आप पर ही मुकदमा दर्ज हो जाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री विकास के मुद्दे पर विधानसभा चुनाव में उतरने की बात कर रहे हैं। कहा कि मेट्रो लाइन, क्रिकेट स्टेडियम और एक्सप्रेस हाईवे, इन योजनाओं में आधा बजट केंद्र सरकार का है। कहा कि केंद्र सरकार ने ढाई साल में सिर्फ देश से गरीबी मिटाने की योजनाएं लागू की हैं। जबकि पूर्व की सरकार सिर्फ गरीबी हटाने का नारा ही देती रह गई।
मंत्री ने कहा कि ढाई वर्ष पूर्व जिस समय लोकसभा का चुनाव होने को था, देश की जनता निराश थी, क्योंकि समाचारों की सुर्खियां घोटाले की रहा करती थीं। उस समय नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था। कहा कि प्रधानमंत्री ने 90 प्रतिशत भाषणों में पिछड़े क्षेत्र के साथ पूर्वांचल के विकास की बात कही है। इसको उन्होंने करके दिखा भी दिया। बोले जीएसटी को राज्यसभा में रोककर हाथी और साइकिल ने देश का बहुत ज्यादा नुकसान किया। कहा कि 2017 के चुनाव में प्रदेश की जनता देश के विकास को अवरुद्ध करने वालों को सबक सिखाएगी। ा