मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के एक मुहल्ले की युवती बृहस्पतिवार की दोपहर अपने प्रेमी से शादी की जिद करते तमसा नदी के पुल की रेलिंग पकड़ कर लटक गई। भीड़ जुटने पर वह प्रेमी को बुलाने की मांग करने लगी। पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने काफी समझा कर उसे ऊपर निकाला। पुलिस युवती को कोतवाली ले गई तथा उसके और प्रेमी के परिवारों को बुलवाया। थाने में काफी देर तक पंचायत के बाद दोनों के परिवार शादी करने पर राजी हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले की रहने वाली युवती आजमगढ़ निवासी प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही थी। उसके परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। परिजनों पर दबाव बनाने के लिए युवती दोपहर में तमसा नदी पुल पर पहुंच गई और नदी में कूदने के लिए पुल की रेलिंग से लटक गई। आसपास के लोगों ने देखा तो वहां भीड़ जुट गई। वह प्रेमी से ही शादी करने और प्रेमी को बुलाने की बात कह रही थी और ऐसा न होने पर नदी में कूद कर जान देने की धमकी दे रही थी। लोगों ने समझा बुझाकर उसे ऊपर खींचा। सूचना पर पहुंची पुलिस युवती को लेकर कोतवाली गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने युवती और प्रेमी के परिजनों को बुलाया। दोनों पक्षों के बीच देर शाम तक थाने में पंचायत हुई। इसके बाद दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए। पुलिस ने युवती को उसके परिवारवालों की सुपुर्दगी में दे दिया।