मऊ, घोसी। 16 नवंबर को दो बाइक की भिड़त के बाद घायल के पक्ष में एकत्रित उपद्रवियों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। इस उपद्रव में सीओ, कोतवाल सहित तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए थे, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे। अब इस मामले में पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। सीसीफुटेज की जांच के बाद उपद्रवियों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है। जल्द ही इन पर कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस ने मामले के शांत होने के बाद पोस्टर जारी करने के बाद 20 से ज्यादा सीसी कैमरे खंगाले, इस घटना में शामिल 100 से ज्यादा उपद्रवियों की पुलिस ने पहचान कर ली है। अब पुलिस जल्द ही इन उपद्रवियों की गिरफ्तारी की योजना बना रही है। एसपी इलामारन जी ने बताया कि घोसी प्रकरण को लेकर एक टीम गठित की गई थी, इस टीम को इस मामले में शामिल उपद्रवियों की पहचान करनी थी। यह टीम बीते 21 नवंबर से इस मामले में जुटी थी, मामले में टीम ने घोसी बाजार में लगे सीसी कैमरे, घोसी सीएचसी पर लगे सीसी कैमरे सहित अन्य कैमरे के फुटेज की जांच की, इसके तहत टीम की ओर से 100 से ज्यादा उपद्रवियों को चिह्नित किया जा चुका है। पुलिस इसको लेकर जल्द ही कार्रवाई करेगी।
फरार आरोपियों पर घोषित हो सकता है ईनाम
पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई की पूरी योजना तैयार की जा चुकी है, जिसके तहत गिरफ्तारी और फरार आरोपियों पर ईनाम की घोषणा करने तक की योजना शामिल है।
क्या हुआ था
बताते चलें कि 16 नवंबर को घोसी के मधुबन मोड़ पर घोसी कोतवाली क्षेत्र निवासी सुक्खू और शोएब की बाइक भिड़ गई थी। इसमें आरोपी शोएब और उसे दो साथियों ने किसी नुकीली चीज से सुक्खु पर हमला कर दिया। इस दौरान घायल सुक्खू के पक्ष में एकत्रित लोगों ने पहले घोसी सीएचसी में तोड़फोड़ की उसके बाद मुख्य मार्ग पर घटना के मौजूद पुलिस जवानों को निशाना बनाकर पत्थरबाजी की थी। पथराव में सीओ घोसी दिनेशदत्त मिश्रा और घोसी कोतवाल राजकुमार सिंह और अन्य पुलिस कर्मी घायल हुए थे तो तीन पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने घायल सुक्खू की मां की तहरीर पर तीनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया, तो वहीं मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शोएब के विरुद्ध रासुका की कार्रवाई की। तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों के विरुद्ध घोसी सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज की तहरीर पर 300 अज्ञात तो घोसी कोतवाल की तहरीर पर 37 नामजद और 300 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।