मऊ। कोरोना बचाव के लिए सतर्कता नहीं बरते जाने के कारण लोग तेजी के साथ संक्रमित हो रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार दस वर्ष की अवस्था से लेकर 65 वर्ष के बुजुर्ग तक संक्रमित हो रहे हैं। 24 मार्च से चार अप्रैल तक 12 दिन में 59 मरीज मिले हैं। होली के बाद संक्रमित बढ़े हैं।
नवंबर 2020 से कोरोना संक्रमण में कमी होने लगी थी। इस दौरान आम जनता जहां कोविड नियमों को भूल गई और लोग बिना मास्क के निकलने लगे। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया। जब दिल्ली और महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित बढ़े तो भी स्वास्थ्य विभाग नहीं चेता। परिणाम यह है कि नियमित कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। इस दौरान 24 मार्च 2021 से चार अप्रैल तक की रिपोर्ट पर गौर करे तो इन 12 दिनों में कोरोन संक्रमण के शिकार 59 मरीज मिले है। संक्रमितों में 24 महिलाएं और 35 पुरुष शामिल हैं। इसमें हर आयु वर्ग के लोग हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित युवा हैं।
होली से पूर्व कोरोना संक्रमण का प्रकोप दिल्ली और महाराष्ट्र में शुरू हो गया था। इस दौरान होली के अवसर पर बाहर से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नहीं की गई। इस दौरान रेलवे के साथ रोडवेज पर कोई भी जांच की व्यवस्था नहीं की गई। स्थिति यह है कि कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। संक्रमितों के आंकड़े पर गौर किया जाए तो दस वर्ष से 65 वर्ष के कुल 35 पुरुष संक्रमित हुए हैं। 10 वर्ष के दो, 10 से 20 वर्ष के सात, 20 से 25 वर्ष के तीन, 25 से 30 वर्ष के 8, 31 से 40 वर्ष के 5, 40 से 50 वर्ष के 50 और 50 से 65 वर्ष के तीन मरीज मिले हैं। इसी प्रकार 16 वर्ष की युवती से लेकर 65 वर्ष की कुल 24 महिलाएं संक्रमित मिली है। 16 वर्ष की एक, 16 से 20 वर्ष का कोई नहीं. 20 से 24 वर्ष की चार, 25 से 30 वर्ष की पांच, 30 से 40 वर्ष की चार, 40 से 50 वर्ष की तीन और 50 से 65 वर्ष की सात महिलाएं स्क्रमित मिली हैं।