स्थानीय बाजार स्थित राजकीय पशु अस्पताल के पास सड़क किनारे लंबे समय से कूड़े का अंबार लगा है। कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कूड़ा हटाने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े के ढेर से निकलने वाली दुर्गंध के कारण सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है। लोगों को नाक-मुंह ढककर आवागमन करना पड़ रहा है। कूड़ा जमा होने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
दुकानदार नन्हे मद्धेशिया, सुशील राय, राकेश राय, घूरा मद्धेशिया और अंगद चौहान ने बताया कि कूड़ा जमा होने के कारण बाजार का माहौल प्रभावित हो रहा है। दुर्गंध के चलते ग्राहक भी बाजार आने से कतराते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द कूड़ा हटवाने की मांग की। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एमएस अली ने बताया कि लंबे समय से जमा कूड़े की समस्या के संबंध में खंड विकास अधिकारी को पत्र भेजा गया है।