कोपागंज। नगर पंचायत में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड होने के बाद भी नगर पंचायत के सफाईकर्मी सड़क के किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। इसकी शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं होने पर पुराने कोपा निवासी हरिश्चंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
कोपागंज नगर पंचायत आठ माह पूर्व कूड़ा निस्तारण के लिए डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था की गईै। इसके बाद भी नगर पंचायत कर्मचारी खुले में सड़क के किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर पंचायत में 17 वार्ड हैं और प्रतिदिन 40 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। पुराने कोपा निवासी हरिश्चंद्र सिंह ने जिलाधिकारी तथा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि नगर पंचायत की ओर से उनके घर के आगे कचरा डंप किया जा रहा है। कचरे से उठने वाली भीषण दुर्गंध से जीना दूभर हो गया है। हवा चलने पर गंदगी उड़कर घर पहुंच जाती है। शिकायत के बाद भी नगर पंचायत ने कोई कार्रवाई नहीं कीं। कोपागंज नगर पंचायत ने आठ माह पहले कोपा कोहना में कूड़ा डंप करने के लिए एक हेक्टेयर जमीन खरीदी है। इसके बाद भी हाईवे की दोनों पटरियों और रेलवे लाइन के किनारे कूड़ा डंप किया जा रहा है।
कोट
कूड़ा निस्तारण के लिए खरीदी गई जमीन पर कंपोजिट प्लांट लगना है। इसकी प्रक्रिया चल रही है। पुराने कोपा में वहां के लोग कूड़ा फेकते हैं जिसे नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी समय समय पर उठाते रहते हैं।-जयप्रकाश, ईओ नगर पंचायत