- सभी ने 10 जून की शाम रेलवे स्टेशन रोड पर की थी गुलशन यादव की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। शहर कोतवाली पुलिस ने जेल में सजा काट रहे हत्या करने वाले गिरोह के सरगना सहित 10 के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इन सभी के खिलाफ दीवानी कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है।
सभी आरोपियों ने बीते 10 जून की शाम रेलवे स्टेशन रोड पर गुलशन यादव की धारदार हथियार और ईंट पत्थर से पीट पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने 12 दिन के अंदर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक आरोपी आनंद चौहान 25 हजार का इनामी बदमाश है। बीते 11 जून को सरायलखंसी थाना क्षेत्र के प्रेम नगर चकिया निवासी रणधीर यादव ने तहरीर दी थी कि वो अपने दोस्त रामपुर चकिया निवासी गुलशन यादव एक बाइक से मऊ की तरफ जा रहे थे। गुलशन पर विजय बहादुर यादव की हत्या का आरोप लगा था। उस मुकदमे में वो कोर्ट से बरी हो गया था। बरी होने के बाद गुलशन ने गांव के कमलेश यादव, राजेश यादव, तेज बहादुर और अमरनाथ यादव को जान मारने की धमकी दी थी। बीते 10 जून को शाम सात बजे शीतला माता मंदिर के पास हिमांशु सोनकर, आकाश सोनकर उर्फ आंशु, रितेश सोनकर, रोहित सोनकर निवासी खटीक टोला महरनिया खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इन पर सुपारी लेकर हत्याएं करने का आरोप है। शाम 7:30 बजे जैसे ही दोनों रेलवे स्टेशन से रोडवेज की तरफ मुड़े तब तक इन चारों के साथ महरनिया निवासी गिरोह के सरगना रितेश सोनकर उर्फ किलर, सचिन सोनकर, राहुल सोनकर, विशाल सोनकर, रामपुर चकिया निवासी राजेश कुमार यादव उर्फ पिंटु, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के चांदमारी इमिलिया निवासी आनंद चौहान और मठिया टोला निवासी अंकित सोनकर उर्फ प्रियांशु के साथ बाइक पर सवार होकर तमंचा, चाकू और रॉड लेकर घेर लिए। मारपीट कर गुलशन यादव की हत्या कर भाग गए। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर 13 जून को ढेकुलिया घाट से कमलेश यादव, तेज बहादुर, अमरनाथ यादव, सचिन सोनकर और राहुल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी सचिन सोनकर ने पुलिस को बताया था कि दो गैंग के वर्चस्व में गुलशन यादव की हत्या हुई थी। बीते 19 जून को कोर्ट में सरेंडर करने से पहले कोतवाली पुलिस ने रितेश सोनकर उर्फ किलर और हिमांशु को गिरफ्तार किया था। जबकि बीते 21 जून की शाम शहर कोतवाली पुलिस ने गाजीपुर तिराहे के पास से 25 हजार के इनामी आनंद चौहान को गिरफ्तार किया था।
कोट -
गिरोह के सरगना रितेश सोनकर के साथ मिलकर सभी ने अवैध संगठित आपराधिक गिरोह बनाया है, जो जनपदीय स्तर पर सक्रिय था। इस गिरोह के सरगना पर सदस्यों के साथ मिलकर आर्थिक, भौतिक लाभ के लिए मारपीट, गाली गलौज और सुपारी लेकर हत्या जैसी घटना को अंजाम देने का आरोप है। गैंगचार्ट को देखते हुए इन विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।
- अनिल सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना कोतवाली मऊ
-
गैंगस्टर की खबर में इनसेट
19 दिन में दो गिरोह पर लगाया गैंगस्टर
जिलाधिकारी के अनुमोदन पर शहर कोतवाली पुलिस ने इस माह के 19 दिन के भीतर दूसरे गिरोह के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इससे पहले बीते तीन नवंबर को अंतरप्रांतीय छिनैती गिरोह के सरगना सहित पांच के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। सभी बदमाश बिहार प्रांत के वैशाली जनपद के कुतुबपुर बंगरी निवासी विकास पांडेय के साथ कौशल पांडेय, मुजफ्फरपुर के बखरा थाना क्षेत्र के सरैया निवासी सूरज कुमार, वैशाली के सदर थाना क्षेत्र के शुभई जमालपुर निवासी राजू पांडेय, बुद्धपुर के जुड़ावनपुर निवासी राहुल पांडेय ने दो महीने में अलग-अलग लोगों से पैसों से भरा बैग लूटा था। पीड़ितों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज किया था।