मऊ। लोगों के घर से नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की नियत से लगाए जा रहे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन रविवार को चार नगरीय स्वास्थ्य केंद्र सहित जिले में 40 प्राथमिक स्वास्थ्य पर किया गया। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में परामर्श और परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों की उपलब्धता के साथ गर्भवती, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खासा जोर रहा। स्वास्थ्य केद्रों पर सेहत की मुफ्त जांच और निशुल्क दवा का वितरण किया गया।
इस दौरान दूर-दराज के इलाकों व मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब 1994 लोगों का इलाज किया गया। मेले में 946 महिलाएं, 834 पुरुष, 214 बच्चों को स्वास्थ्य लाभ मिला। साथ ही 60 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य इकाइयों के लिए रेफर किया गया। इस अवसर पर 23 आयुष्मान के कार्ड बनाए गए। सीएमओ डॉ. श्याम नारायन दूबे ने बताया कि 36 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व चार शहरी केंद्रों पर कोविड -19 के प्रोटोकाल के साथ प्रत्येक रविवार को सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एलोपेथिक, आयुर्वेदिक के साथ होम्योपैथी पद्धति की चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाती है।
मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या रही अधिक
मऊ। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में बुखार समेत मौसमी बीमारियों के मरीज की संख्या अधिक रही। इस अवसर पर गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण किया गया। साथ ही उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। इसके अलावा मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया व कुष्ठ की स्क्रीनिंग, बीपी, शुगर, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, तंबाकू और मद्यपान छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया।