कोपागंज। थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा के तीन लोगों के विरुद्ध थाना क्षेत्र के काछीकला निवासी एक युवक ने ठगी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है इन आरोपियों ने ब्लॉक कोआर्डिनेटर पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी की है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार काछीकला निवासी जनार्दन ने आरोप लगाया है कि बीते 30 मई 2024 की शाम 7 बजे कोपागंज मुहल्ला दोस्तपुरा निवासी अखिलेश गुप्ता, राजन गुप्ता व उनके पिता कृष्ण मुरारी कोपागंज बाजार में मिले।
जहां इन लोगों ने उससे आउट सोर्सिंग संविदा ब्लॉक कोआर्डिनेटर के पद पर भर्ती कराने की बात कही। साथ ही इसमें 3.50 लाख खर्च होने की बात कहकर पूर्व में कई लोगों को भर्ती कराने की बात कही। बताया कि वह उनकी बातों का विश्वास करके हमने कई किश्तों में उनके खाते में ऑॅनलाइन 3 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद इन लोगों ने अक्टूबर 2024 में हमें लखनऊ लेकर गए और एक कमरे में 8 दिन तक ट्रेनिंग के नाम पर रखे, उसके बाद रजिस्टर भरवा कर हमें घर भेज दिए।
बोले कि ज्वाइनिंग लेटर जल्द ही घर भेजा जाएगा। जब कई दिन बीतने के बाद भी ज्वाइनिंग लेटर न आने पर उनसे पूछताछ किया तो वे टालमटोल करते रहे। फिर उनका मोबाइल नंबर बंद आने लगा।
स्थानीय पुलिस को इस बारे में शिकायत करने के बाद कोई सुनवाई न होने पर एसपी से गुहार लगाई, जहां एसपी के निर्देश पर कोपागंज पुलिस शनिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।