एक बूथ पर तैनात किए जाएंगे चार मतदानकर्मी
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
चुनाव ड्यूटी के लिए तैयार की गई 16435 कर्मचारियों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जिला प्रशासन के अधिकारी जुटे हुए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए 16435 कर्मचारियों की सूची तैयार की गई है। प्रत्येक बूथ पर चार मतदान कर्मियों की तैनाती की जाएगी। ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र पहुंच दिए गए हैं और इनके रखरखाव तथा बिक्री के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
जनपद के सभी नौ ब्लाकों के मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदान तथा मतगणना की ड्यूटी के लिए 16435 कर्मचारियों की सूची बनाई गई है जिनमें 4832 महिला कर्मचारी हैं। जिले के 2130 बूथों पर इन कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो गैर जिलों से भी मतदान कर्मी बुलाए जा सकते हैं। अब इन मतदान कर्मियों को चरणवार प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक बूथ पर चार मतदान कर्मियों की तैनाती की जानी है। हर बूथ पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जल्द ही निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू हो जाएगा। कर्मचारियों के प्रशिक्षण को लेकर पहली अप्रैल को विकास भवन के सभागार में बैठक होगी। इसमें दस आरओ और 184 एआरओ भाग लेंगे। इसी दिन प्रशिक्षण की तिथियां घोषित की जाएंगी।
पहले दिन नहीं बिका एक भी मतपत्र
मऊ। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 27 मार्च से ब्लाक मुख्यालयों से ग्राम सभा सदस्य, ग्राम प्रधान पदों के लिए नामांकन पत्रों का बिक्री होनी थी लेकिन पहले दिन शनिवार को एक भी मतपत्र नहीं बिका। होली 29 मार्च को है जिसके चलते किसी दावेदार ने नामांकन पत्र खरीदने में रुचि नहीं दिखाई। वहीं जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री कलेक्ट्रेट के कोर्ट नंबर तीन और चार में होगी।