वलीदपुर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नरौनी गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में पूर्व प्रधान के भाई की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नरौनी गांव में जमीनी रंजिश को लेकर पट्टीदारों से हुई मारपीट में पूर्व प्रधान के छोटे भाई 25 वर्षीय धर्मराज पुत्र बृजराज यादव को गंभीर चोटें आ गई थीं। स्थानीय सीएचसी के डाक्टरों की सलाह पर उन्हें इलाज के दौरान बीएचयू वाराणसी में भर्ती कराया गया। वहां रविवार को उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई छवि राज यादव की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार देर शाम पट्टीदार पवन यादव रमाकांत यादव, रमायन यादव और रामाशीष यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। धर्मराज की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमों की धाराओं में बढोत्तरी कर दी है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों पवन यादव और रमायन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस बाबत कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार पाठक का कहना था कि नरौनी गांव में शनिवार को मारपीट हुई थी जिस पर छविराज यादव के तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। धर्मराज की मौत के बाद मुकदमे की धारा में परिवर्तन कर लिया गया है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। शेष दो आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।