जिले में टीबी के मरीजों को समय पर जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए अब जिला अस्पताल में चार बेड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर दो-दो बेड की सुविधा शुरू की गई है।
इससे टीबी मरीजों को घर के पास ही स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हंसराज सोनी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहले दूर-दराज के मरीजों को भर्ती की सुविधा केवल जिला अस्पताल में ही उपलब्ध थी।
अब घोसी, फतेहपुर मंडाव, रतनपुरा, मुहम्मदाबाद गोहना, दोहरीघाट, बड़राव, परदहा और रानीपुर सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी मरीजों के लिए दो-दो बेड का वार्ड तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में सदर तहसील, मधुबन, मुहम्मदाबाद गोहना और घोसी क्षेत्रों में 2024 से अधिक टीबी मरीज हैं, जिनका उपचार चल रहा है। इसके अलावा सभी सीएचसी पर टीबी की जांच सीबी-नेट मशीन से की जा रही है, जिससे मात्र दो घंटे में टीबी की जांच संभव हो जाती है।