मऊ। नगर में मंगलवार को दोपहर तक किसी भी वार्ड में कचरा उठाने का काम नहीं हुआ। कारण सोमवार की देर शाम से नगरपालिका मऊ में तैनात सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए। दरअसल सोमवार की देर शाम अलाव की लकड़ी गिराने गए नगर पालिका के चालक से पूर्व सभासद द्वारा शहर कोतवाली क्षेत्र के मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास मारपीट कर उसे धमकी दी थी।
इस मामले में मंगलवार को नाराज सफाईकर्मियों ने कोतवाली पहुंचकर विरोध जताते हुए आरोपी सभासद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस की तहरीर पर पूर्व सभासद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। इसके बाद नाराज सफाई कर्मचारी वापस अपने काम पर लौट गए।
दर्ज मुकदमे के अनुसार, सूर्यवंशी ने बताया कि वह नगरपालिका का कर्मचारी है। सोमवार को अलाव के लिए लकड़ी की मांग होने पर वह ट्रैक्टर में लकड़ी लोडकर मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास पशु अस्पताल पहुंचा। आरोप लगाया कि इस दौरान वहां पहले से मौजूद नगर पालिका के पूर्व सभासद खुशहाल सिंह ने लकड़ी गिराने को लेकर उससे गालीगलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया तो अभद्रता करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया।
आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ मौजूद उसके पिता से भी पूर्व सभासद ने अभद्रता की। पीड़ित ने इसकी जानकारी रात में ही अपने साथी को दी। मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में सफाईकर्मी शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हड़ताल पर चले गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पूर्व सभासद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दोपहर में गिरफ्तार कर लिया। हड़ताल के चलते मंगलवार की दोपहर तक नगर पालिका के 45 वार्ड में डोर टू डोर कचरा उठाने का काम ठप रहा। हड़ताल खत्म होने के बाद सफाईकर्मी वार्ड में जाकर सफाई करते दिखे। घटना के संबंध में शहर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि पूर्व सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।