जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प हो गया है। शुक्रवार शाम को समाजवादी पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी खुरहट जिला पंचायत क्षेत्र से सदस्य अंशा यादव के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पर्चा खरीदने के बाद बुधवार को तीन अन्य लोगों ने नामांकन फार्म खरीदा। इसमें एक सपा नेता भी हैं। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जनवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी पहलवान चौहान ने नामांकन फार्म खरीदा। वहीं सपा नेता परदहां से जिला पंचायत सदस्य देवनाथ यादव और कुर्थीजाफरपुर से जिला पंचायत सदस्य फूला देवी ने भी नामांकन फार्म खरीदा।
बुधवार को समाजवादी पार्टी के अन्य एक जिला पंचायत सदस्य के नामांकन फार्म खरीदने के बाद चुनावी सरगर्मी बढ़ गई। बताते चलें कि जनवादी पार्टी ने पिछले जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को रोचक बनाते हुए जीत दर्ज की थी।
सुनील सिंह चौहान को विजय मिली थी लेकिन बाद में उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। ऐसे में आने वाले 7 जनवरी को इसका फैसला होगा, कि मऊ जिला पंचायत अध्यक्ष कौन होगा।