परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 29334 गणित-विज्ञान शिक्षक भर्ती मामले में नियुक्ति पत्र न मिलने के विरोध में अभ्यर्थियों ने शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही बीएसए के कार्यालय पर न मिलने पर गुस्साए अभ्यर्थियों ने जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर काफी देर तक शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शासन की ओर से गणित विज्ञान शिक्षकों को 21सितंबर तक नियुक्ति पत्र देने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया है, लेकिन बीएसए कार्यालय पर नहीं मिल रहे हैं।
नियुक्ति पत्र देने में हीलाहवाली की जा रही है। विभिन्न जिलों में नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानबूझकर मामले को लटकाया जा रहा है।
नियुक्ति पत्र अविलंब नहीं दिया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस अवसर पर फातिमा परवीन, विजय लक्ष्मी पांडेय, विजय प्रकाश, अश्विनी कुमार सिंह, अजय कुमार शुक्ल, अजय सिंह, प्रदीप कुमार, रश्मी, पंकज चौधरी आदि शामिल थे।