मऊ में चौथे चरण का लॉकडाउन लागू होने के छठवें दिन शनिवार को नगर सहित जिले के विभिन्न बाजारों में रोस्टर के हिसाब से फुटवियर की दुकानें खुली। दुकानों पर ग्राहक सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए खरीदारी करते देखे गए। ईद पर्व के मद्देनजर मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स सहित विभिन्न दुकानें अब प्रतिदिन खुलने से बाजारों में चहल पहल देखी जा रही है।
लॉकडाउन के दौरान बाजारों में दुकानों को खोलने के लिए जिला प्रशासन ने रोस्टर जारी किया है। रोस्टर के अनुसार नगर के सिंधी कॉलोनी, चौक, घास बाजार, सहादतपुरा, मिर्जाहादीपुरा, रौजा, सहित प्रमुख बाजारों में फुटवियर की दुकानें तो खुली। दुकानों पर सेनेटाइजर रखा गया था। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए मास्क लगाकर लोगों को खरीदारी करते देखा गया। ईद पर्व के मद्देनजर किराना, मेडिकल, प्लंबर, इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों के अब प्रतिदिन खुलने से बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। दुकानदारों के चेहरे पर चमक दिखने लगी है।
मुहम्मदाबाद गोहना: कस्बा सहित विभिन्न इलाकों के प्रमुख बाजारों में रोस्टर के हिसाब से फुटवियर की दुकानें खुली। ईद पर्व के मद्देनजर बाजारों में चहल पहल बढ़ गई है। बढुआगोदाम: क्षेत्र के बढुआगोदाम, कहिनौर, पिपरीडीह सहित विभिन्न बाजारों में इक्का दुक्का ही फुटवियर की दुकानें खुली। छिटपुट ग्राहक ही खरीदारी करते देखे गए।