मऊ। खेल निदेशालय तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को कस्टम मुंबई और सीएजी दिल्ली के बीच खेला गया। कस्टम मुंबई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएजी दिल्ली को 6-4 से हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि उपेंद्र तिवारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल, युवा कल्याण एवं पंचायती राज ने विजेता और उपजेता टीम को ट्राफी प्रदान किया।
कस्टम मुंबई तथा सीएजी दिल्ली के बीच खेला गया फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। प्रथम हाफ शून्य-शून्य की बराबरी पर रहा। मैच के 55वें मिनट में कस्टम मुंबई के मार्क डिसूजा नेे एक गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। परंतु सीएजी दिल्ली ने खेल में वापसी करते हुए अच्छा अटैक किया और अपनी टीम के लिए पेनाल्टी किक अर्जित की। सीएजी टीम के दीपेश ने गोल करके टीम को बराबरी पर ला दिया। अंत तक मैच इसी स्थिति में रहा। मैच बराबर होने पर मैच का निर्णय टाईब्रेकर के द्वारा किया गया। इसमें मुंबई कस्टम ने 6-4 से सीएजी टीम को पराजित करते हुए विजेता होने का गौरव प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए सीआरपीएफ जालंधर एवं उत्तर प्रदेश एकादश के मध्य मैच खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश एकादश ने सीआरपीएफ जालंधर को 2-1 से पराजित किया। मैच का पहला गोल सीआरपीएफ जालंधर टीम के जान टीबी ने 9वें मिनट में किया। इसके तुरंत बाद उत्तर प्रदेश एकादश के गौरव सिंह ने 15वें मिनट में गोल करके टीम को बराबरी पर ला दिया। मैच के 25वें मिनट में पुन: गौरव सिंह ने गोल करके उत्तर प्रदेश एकादश को 2-1 से बढत दिला दी। मैच केे अंत तक यही स्कोर रहा। उत्तर प्रदेश एकादश ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उपेंद्र तिवारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल, युवा कल्याण एवं पंचायती राज ने विजेता टीम कस्टम मुंबई को दो लाख, उप विजेता टीम सीएजी दिल्ली को एक लाख एवं तृतीय स्थान प्राप्त उत्तर प्रदेश एकादश को 50 हजार रुपये दिया। इस अवसर पर केतकी सिंह, विधायक विजय राजभर, नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी, पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, मुद्रिका पाठक उप निदेशक खेल, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राघवेंद्र राय शर्मा, कृष्ण मोहन पाठक जिला युवा कल्याण अधिकारी, जमाल अर्पण, ओमेंद्र सिंह, मुरलीधर यादव, संजय सिंह आदि शामिल रहे।