मऊ। नगर की जनता को जाम के झंझट और सड़क हादसों से निजात दिलाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा करोड़ों रुपये से बनाए गए फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और अंडरपास खुद गंभीर अतिक्रमण की चपेट में हैं। कागजी फाइलों में भले ही शहर के रास्तों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त और साफ दिखाया जा रहा हो, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। ओवरब्रिज के नीचे सजी अवैध दुकानों और बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन बीच-बीच में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सिर्फ खानापूर्ति करती है।
शहर के भीटी ओवरब्रिज के नीचे खुलेआम अवैध रूप से मांस की मंडी सजाई जा रही है। इससे आसपास से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है। वहीं, मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे का नजारा भी कुछ अलग नहीं है। यहां पक्के ठेले और कई दुकानें रखी गई हैं। इसके साथ ही ओवरब्रिज के नीचे कई स्थानों पर चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े कर अवैध पार्किंग स्टैंड बना दिया गया है।
प्रशासन की अनदेखी के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। अगर जल्द ही इन अवैध कब्जों, अवैध मांस मंडी और बेतरतीब पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी।- मंगलेश सिंह, ब्रह्मस्थान
फुटपाथ पैदल चलने के लिए बनाया गया, जिससे कोई सड़क पर न चले और कोई बड़ी घटना न हो सके। लेकिन नगर में कई स्थानों पर बड़े दुकानदार भी फुटपाथ पर कब्जा जमाए हुए हैं। इससे आम जनता को काफी परेशानी होती है।- अजीत गुप्ता, ताजोपुर
अतिक्रमण को लेकर लगातार नगर पालिका परिषद अभियान चला रही है। ऐसे में नगर में सड़कों पर, सार्वजनिक स्थानों, ओवरब्रिज के नीचे और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।- डॉ. मणिभूषण तिवारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
50 से अधिक दुकानों का है फुटपाथ पर कब्जा
मऊ। नगर के सहादतपुरा में आजमगढ़ मोड़ से रोडवेज तक 200 से अधिक दुकानें हैं। जिनमें से 50 से अधिक बड़ी दुकानों ने फुटपाथ पर कब्जा कर अपना दुकानों को बढ़ा लिया है। जिसके कारण पैदल आने जाने वाले लोगों को सड़कों पर आवाजाही करना पड़ता है। वहीं यहां पर किसी भी दुकान या काम्प्लेक्स के पास अपनी पार्किंग नही है। जिसके सभी दुकानदारों और ग्राहकों की बाइकें सड़क पर ही खड़ी रहती हैं।
आठ दिन पहले नगर पालिका ने अतिक्रमण पर चलाया था अभियान
मऊ। नगर क्षेत्र में 12 अगस्त को आजमगढ़ मोड़ पर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की थी। सिटी मजिस्ट्रेट रमेश बाबू और नगरपालिका ईओ मणि भूषण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया था। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने विरोध भी किया। हालांकि, पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। इसके पहले अप्रैल और जून में भी नगर पालिका ने दो दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर खानापूर्ति की थी। मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण कर दुकानों के लगने से रेलवे स्टेशन पर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। इसी मार्ग से होकर ज्यादातर लोग रेलवे स्टेशन को आते जाते हैं। इस मार्ग से रेलवे स्टेशन नजदीक होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है।
नगर के मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण कर रखी दुकानें।संवाद