जिले के मधुबन तहसील में शुक्रवार को पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने बाढ़ से बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बाढ़ और कटान से बचाव का कार्य अधूरा रहने पर उन्होंने अधिशासी अभियंता को चेताया। साथ ही बाढ़ से बचाव का कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। मधुबन के देवरांचल में स्थित बिंदटोलिया गांव में 12.5 करोड़ की लागत से घाघरा की धारा को मोड़ने के लिए सिंचाई विभाग की ड्रेजिंग परियोजना शुरू की गई है। यह कार्य होने से बाढ़ से बचाव होगी।
प्रभारी मंत्री निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की जांच करने के लिए बिंदटोलिया गांव पहुंचे। यहां बाढ़ से बचाव की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर उन्होंने जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री को तय समय सीमा के अंदर परियोजना पूर्ण नहीं मिली। इस पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई। अपूर्ण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया ताकि बरसात में कटान से बचाव हो सके। वहीं एसडीएम लालबाबू दुबे को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति में आश्रय स्थलों, नावों के अलावा अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाए।
इससे पहले मधुबन पहुंचने पर प्रभारी मंत्री ने कटघराशंकर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कटघरा शंकर स्थित शहीद स्मारक परिसर में प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने शहीदों को याद में पीपल, पाकड़, बरगद के पौधे रोपे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और आक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए पौधरोपण करने की अपील की। कहा कि हर व्यक्ति को एक पौधा लगाते हुए पर्यावरणीय सुरक्षा करना चाहिए। उन्होंने गेहूं क्रय केंद्र मधुबन का निरीक्षण किया गया। यहां किसानों से खरीद, बोरों की उपलब्धता, भुगतान, किसानों की समस्या, मौके पर खड़ी ट्रालियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम लालबाबू दुबे, अधिशासी अभियंता सिंचाई वीरेंद्र पासवान, चेयरमैन प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया, सीओ अमित कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे आदि रहे ।