ईपीएफ कताई मिल पेंशनर संघ (एटक) के तत्वावधान में सैकड़ो कारखाना पेंशनरों ने न्यूनतम पेंशन में सुधार करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की। प्रधानमंत्री के नाम सात सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए देवेंद्र सिंह ने कहा कि कारखाना पेंशनरों को नाम मात्र पेंशन मिल रही है। इससे उनकी स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। बिना महंगाई भत्ते के तय की गई यूपीएस पेंशन श्रमिकों के साथ धोखा और अन्याय के सिवा कुछ नहीं है। ईपीएफओ द्वारा 1000 रुपये न्यूनतम मासिक पेंशन तक का भुगतान नहीं किए जाने से श्रमिकों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से सीधे हस्तक्षेप करने की मांग की।
अंत में आगामी सात दिसंबर को प्रस्तावित कारखाना पेंशनरों के संसद मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। धरने को रामसोच यादव, राम अवतार सिंह, रामजनम राजभर ने संबोधित किया। धरने में श्रीराम सिंह, जयप्रकाश यादव, श्यामनारायण यादव, देवेंद्र सिंह, फौजदार यादव आदि मौजूद रहे।