मधुबन (मऊ)। जिले के फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को एंटीजेन टेस्ट में तीन संक्रमित मरीज मिले। इसमें दो को कोविड अस्पताल भेज दिया गया, जबकि एक मरीज को होम आईसोलेट कर दिया। मधुबन तहसील में कोरोना ग्राफ कम होता नजर नहीं आ रहा हैं। एंटीजेन टेस्ट में लगातार तहसील के विभिन्न गांवों से नए मामले की पुष्टी हो रही है।
शनिवार को फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 51 लोगों का एंटीजेन टेस्ट किया गया। जिसमें उतराई गांव निवासी युवक और उसका पांच वर्षीय बालक संक्रमित मिला। वहीं मधुबन नगर पंचायत के नहर चौक निवासी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। बताया जा रहा है कि युवक के परिवार के दो सदस्यों जिन्होंने जिला मुख्यालय में जांच कराया था। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उतराई निवासी युवक और उसके बेटे को कोविड अस्पताल भेज दिया गया, जबकि तीसरे संक्रमित मरीज को होम आईसोलेट कर दिया गया।