मऊ। जनपद में पांच रेलवे क्रॉसिंग चिलचिलाती धूप में राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी है। इनमें से इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के लिए बजट भी स्वीकृत हो चुका है। लेकिन सर्वे के और नक्शा तैयार करने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ। जबकि इस रूट से 12 रेगुलर सहित 40 ट्रेनें गुजरती हैं। हर 30 मिनट में एक ट्रेन के गुजरने पर कम से कम 10 मिनट फाटक बंद होने से जाम लग जाता है। धूप में लोग परेशान होते है।
इनमें से पिपरीडीह के अलावा सभी जिले के सबसे व्यस्त मार्ग पर हैं। बलिया लखनऊ मार्ग पर रतनपुरा और थलईपुर में, मऊ-मधुबन मार्ग पर इंदारा में, बढ़ुआगोदाम-सरसेना मार्ग पर पिपरीडीह में, मुहम्मदाबाद गोहना खरिहानी मार्ग पर मुहम्मदाबाद गोहना में रेलवे क्राॅसिंग है।
रतनपुरा और थलईपुर रेलवे क्राॅसिंग से 24 ट्रेनें गुजरती हैं, इनमें से 8 रेगुलर हैं। पिपरीडीह रेलवे क्राॅसिंग से 60 ट्रेनें गुजरती हैं, इनमें रोजाना 22 चलती हैं, वहीं मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे क्राॅसिंग से 30 ट्रेनें गुजरती हैं इनमें से 8 रोज चलती हैं। इन सभी मार्गों पर दिनभर हजारों वाहनों का आवागमन रहता है। कोई वैकल्पिक मार्ग न होने से जाम में स्कूली वाहन, एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहन भी फंसते हैं। लखनऊ बलिया मार्ग पर लगातार भारी वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है। सामान्य दिनों में रोजाना हर बार क्रॉसिंग बंद होने पर 15 मिनट तक जाम लगता है।
बीते एक सप्ताह में पिपरीडीह रेलवे क्राॅसिंग का बूम चार बार खराब हो चुका है। ठीक करने में लंबा समय लग जाता है, ऐसे में इस दौरान चिलचिलाती धूप में दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थी। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर इंदारा रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए एक साल पहले बजट स्वीकृत हुआ। लेकिन इसका निर्माण कब तक शुरू होगा कुछ पता नहीं। लेकिन सर्वे के बाद से कोई प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।