मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बारिश होने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। लगभग 90 मिनट तक तेज हवा के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही। लगातार बारिश होने से नगर क्षेत्र के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा था। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम सुहावना रहा। कृषि विभाग के आंकड़ों में पांच मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे से बूंदाबांदी होती रही। सुबह लगभग 10:30 बजे से बारिश शुरू हो गई। इसके बाद तेज हवा के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के दौरान राहगीर नगर स्थित मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर बनी दुकानों के सामने और प्रतीक्षालय में बैठे बारिश बंद होने का इंतजार करते देखे गए।
बारिश से नगर सहित जिले के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। नगर के गाजीपुर तिराहा, भीटी, सहादतपुरा, निषाद नगर, निजामुद्दीनपुरा, जीवन राम इंटर कॉलेज छात्रावास परिसर, मुंशीपुरा, पावरहाउस कॉलोनी, रघुनाथपुरा सहित निचले इलाकों के लोगों को गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा था।
तापमान पर नजर डालें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 87 प्रतिशत रही, जबकि 18 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही थी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
धान की फसल के लिए बारिश लाभकारी
कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि बारिश धान की फसल के लिए लाभकारी साबित होगी। किसानों को फसल की लगातार निगरानी करते रहना चाहिए, ताकि बारिश के बाद किसी तरह की समस्या सामने आने पर समय रहते उसका प्रबंधन किया जा सके।