कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू मेडिकल कॉलेज से बुधवार की देर रात आई रिपोर्ट में मऊ जिले में पांच नए पॉजीटिव मामले मिले। इनमें जिला कारगार के दो बंदी भी शामिल है। जिन्हें गैंगस्टर के आरोप में 24 जून को जेल भेजा गया था। इसके अलावा नगर के रामपुर चकिया में दो युवती तथा घोसी तहसील के करतियापुरा में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
सभी को कोविड अस्पताल परदहा में भर्ती कराने के साथ उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। जिले में पांच नए केस मिलने से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब 139 हो गई। इसमें 83 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं, जबकि एक्टिव केस की संख्या 58 है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को बीएचयू से आई 165 जांच रिपोर्ट में 160 रिपोर्ट निगेटिव मिली, जबकि पांच पॉजिटिव है। संक्रमितों की केस हिस्ट्री खंगालने पर पांच में से दो जिला कारागार के बंदी हैं। दोनों नगर के औरंगाबाद बुलाकीपुरा मुहल्ले के निवासी हैं और गैंगस्टर के आरोपी हैं। पुुलिस ने दोनों को 24 जून को जेल भेजा था। यहां 27 जून को इन दोनों की सैंपलिंग हुई थी।
वहीं नगर से सटे रामपुर चकिया गांव में दो महिलाएं संक्रमित मिलीं। दोनों मुंबई से 23 जून को लौटी मां-बेटी हैं। इनकी भी सैंपलिंग 27 जून को हुई थी। इसके अलावा एक केस घोसी तहसील कपडियाडीह में मिला। यहां मुंबई से लौटा 60 वर्षीय वृद्ध कोरोना पॉजिटि मिला। इसके साथ जिले में मरीजों की संख्या 139 पहुंच गई है। इसमें 83 मरीज ठीक हो चुके है, जबकि 58 मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं तीन मरीजों की रिपोर्ट उनकी मौत के बाद आई।