फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के धनेवा गांव निवासी महिला ने अपने पति तथा ससुराल पक्ष के लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। महिला ने अपने पति पर उसे घर से बाहर निकालकर दूसरी शादी करने का भी आरोप लगाया।
दर्ज मुकदमे में धनेवा गांव निवासी अर्चना चौहान ने बताया कि उसकी शादी आनंद चौहान से वर्ष 2013 में हुई थी। शादी के कुछ माह बाद से उसका पति काम के सिलसिले में गुजरात चला गया। उसके पति के जाने के बाद उसके ससुुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसे दहेज की मांग केे लेकर प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों से आए दिन मारपीट से तंग आकर वह मायके चली आई। इस बीच उसका पति गुजरात से लौटा और जानकारी दिए बिना दूसरी शादी कर ली। महिला को इसकी जानकारी मिलते ही अर्चना ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय कि गुहार लगाई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रामपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति आनंद चौहान सहित ससुर, सास, नंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की।