थाना क्षेत्र के चौक पर मंगलवार को रात में सामान का दाम पूछने को लेकर हुई गाली गलौज फिर मारपीट में तब्दील हो गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण चौक पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और लाठी डंडे लेकर पहुंचे लोगों को खदेड़कर घर जाने को कहा।
कोपागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला हूंसापुरा में तूफानी पटवा की जूता चप्पल की दुकान है। रात 8:45 बजे वह चौक पर ठेला लगाए मोइजुद्दीन के लड़के से सामान लेने के लिए दाम पूछा तो उसने कहा कि 70 रुपये किलो है। इस पर पटवा ने कहा कि तुम्हारा बाप रहता तो कम दाम में दे देता। इस पर ठेले वाले के लड़के ने अपशब्द कहे। इसी बात को लेकर दोनों तरफ से बहस होने लगी। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच ठेले वाले का पिता भी आ गया और सात-आठ लड़के लाठी डंडे लेकर ठेले के पास आ गए और मारपीट करने लगे। इसमें पटवा को काफी चोट आईं। घायल को पुलिस थाने लेकर गई। वहीं मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को हुई तो सीओ घोसी और ट्रेनिंग सीओ जितेंद्र सिंह भी पहुंच गए। उधर, भरत मिलाप पर दोनों समुदाय के लोग खड़े थे। पुलिस ने बड़ी घटना से पूर्व वहां पहुंचकर स्थित को संभाला और सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
इस मामले में एसपी इलामारन जी ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। सामान खरीदने को लेकर बहसबाजी और मारपीट होने की बात सामने आ रही है। जांच की जा रही है।