नगर पालिका कम्युनिटी हाल में दानवीर भामाशाह की जयंती पर आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम क
नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में सोमवार को दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विवेक कुमार श्रीवास्तव ने की।
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय और व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान फर्मों को सम्मानित किया गया। सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भामाशाह का जीवन राष्ट्रभक्ति और त्याग का उदाहरण है।
उन्होंने राष्ट्रहित में अपनी संपत्ति दान की थी। प्रदेश सरकार उनके जन्मदिवस को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाती है। उन्होंने व्यापारियों को देश की आर्थिक प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि प्रशासन उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि सरकार ने व्यापार कल्याण की व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भामाशाह कुशल रणनीतिकार थे, जिन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष में सहयोग किया। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने भामाशाह के आदर्शों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भामाशाह सम्मान पुरस्कार प्रदान किए गए। पांच करोड़ रुपये से अधिक कारोबार वाली सात फर्मों, जिनमें जेपी ऑटोमोबाइल और प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक शामिल हैं, को सम्मानित किया गया।
वहीं, पांच करोड़ रुपये से कम कारोबार वाली चार फर्मों को भी सम्मानित किया गया। महिला उद्यमी विभा खंडेलवाल और अंजु थरड को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग की ओर से किया गया।