छात्रसंघ चुनाव में मारपीट और फायरिंग के बाद सड़क जाम करते छात्र।
- फोटो : mau
डीसीएसके महाविद्यालय के सामने रविवार की दोपहर में पर्चा वापसी के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष की तरफ से फायरिंग किए जाने से अफरातफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। वहीं घायल पक्ष महाविद्यालय गेट के सामने धरने पर बैठ गया। घायलों में अध्यक्ष पद की दावेदारी करने वाले रणधीर यादव सहित दो छात्र शामिल हैं। घायल रणधीर की तहरीर पर छह नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है।
डीसीएसके महाविद्यालय में इन दिनों छात्र संघ चुनाव चल रहा है। रविवार को नामंकन पत्रों की जांच होनी थी। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे छह प्रत्याशियों में से एक रणधीर के खिलाफ एक पक्ष के समर्थकों ने कुछ आपत्तियां प्रस्तुत कीं। जानकारी होने पर रणधीर अपना पक्ष रखने के लिए दोपहर के समय महाविद्यालय पहुंचा। रणधीर की माने तो वह महाविद्यालय गेट के बाहर निकला, तभी विरोधी पक्ष के खड़े छात्रों ने उस पर हमला कर दिया। बचाव में आया रणधीर का दोस्त अमरजीत भी हमले का शिकार हो गया। इस दौरान जब घायलों के समर्थक आगे बढ़े, तो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। ऐसे में मौके पर हड़कंप मच गया। हमलावर फरार हो गए। घायल छात्र समर्थकों के साथ महाविद्यालय गेट केे सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी शिशिर त्रिवेदी ने छात्रों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
सीओ नगर राजकुमार ने बताया कि इस मामले में घायल छात्र नेता रणधीर यादव की तहरीर पर हत्या के प्रयास, बलवा, धमकी और गाली देने आदि के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है। बताया कि दर्ज मामले में नामजद छह युवको में दक्षिण टोला थाने के बख्तावरगंज निवासी सिंटू राय, कोपागंज थाने के सहरोज निवासी अखंड राय, दक्षिण टोला थाने के डिघवा गांव निवासी पुनीत यादव, बुनकर कालोनी निवासी वीरु सिंह, सरायलखंसी थाने के इमलिया निवासी प्रज्ज्वल चौहान और तन्मय सिंह नामजद किए गए है। पकड़े गए आरोपियों में अमित राय पुत्र धन्नंजय राय दक्षिण टोला थाने के रैनी गांव का तथा सोनू यादव पुत्र स्व. विरेंद्र नसोपुर का निवासी है। पकड़े गए आरोपी अज्ञात में आरोपित में से है।