नगर के जीवनराम छात्रावास के मैदान पर लगी पटाखा की दुकान से खरीदारी करते लोग। संवाद
मऊ। दीपावली पर्व को लेकर नगर का माहौल पूरी तरह से उत्सवमय हो गया है। त्यौहार के अवसर पर नगर के निजामुद्दीनपुरा स्थित जीवनराम छात्रावास के मैदान पर शनिवार को पटाखों की अस्थायी दुकानें सजाई गई हैं। बाजार सजते ही खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
प्रशासन की हिदायत और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए जीवनराम छात्रावास मैदान में ही पटाखा बाजार लगाने की अनुमति दी गई है। मैदान में अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है और सभी दुकानदारों को पानी तथा रेत की बाल्टियां रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। शाम होते ही मैदान में खरीदारों की भीड़ कई गुना बढ़ गई। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक, सभी अपनी-अपनी पसंद के पटाखे खरीदने में व्यस्त दिखे। रंग-बिरंगी फुलझड़ियों, अनार, चक्री और फैंसी आतिशबाजी की मांग सबसे अधिक रही।