कुसुम्हा। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोडवली कादीपुर गांव में सोमवार की सुबह शाॅर्ट सर्किट से एक मड़ई में आग लग गई। इस की घटना से तीन मवेशी झुलस गए, इसमें एक की मौत हो गई। जबकि आग बुझाने में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।परिजनों ने उसे अस्पताल लाकर भर्ती कराया, जहां उसकी हालात गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गोडवली कादीपुर गांव निवासी राजू चौहान द्वारा अपने मकान के पास ही एक मड़ई बनाया हुआ था।जिसमें दो भैंस तथा दो बकरी को रखता है। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे शाॅर्ट सर्किट से उस मड़ई में आग लग गई। परिवार के सदस्य जब तक समझ पाते आग ने पूरी मड़ई को अपने जद में ले लिया। आग से मवेशियों को झुलसता देखकर राजू की पत्नी इसरावती ने आग पर काबू पाते हुए मवेशियों को बाहर निकालाने का प्रयास की। इसमें वह बुरी तरह से झुलस गई। वहीं इसमें दोनों भैंस तथा दोनों बकरियां भी झुलस गई। इसमें एक बकरी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया फिर महिला को दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।