मऊ। किडनी रोगियों में ऊर्जा का संचार करने वाले जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का विस्तार हो गया है। यहां पर अब चार बेड बढ़ने से 30 मरीजों का नि:शुल्क डायलिसिस हो सकेगा। 10 बेड की डायलिसिस यूनिट से किडनी के मरीजों को सहूलियत मिलेगी। जिला अस्पताल में सितंबर 2021 को जिला अस्पताल में पीपीपी के आधार पर छह बेड की नि:शुल्क डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ हुआ था। इससे मरीजों को सहूलियत भी मिल रही थी । लेकिन मरीजों की संख्या के हिसाब से बेड नहीं मिल पा रहा था। जबकि यूनिट तीन शिफ्टों मेें चलती है। रेफर मरीज आने पर डायलिसिस के लिए मरीजों को प्रतीक्षा करनी पड़ रही थी। ऐसे में यूनिट में बेडों की संख्या बढ़ाने की मांग उठ रही थी। लोगों की मांग पर शासन की तरफ से जिला अस्पताल के डायलिसिस यूनिट मेें चार बेड बढ़ा दिया गया है। अब नई मशीन लगने से और अधिक मरीजों को इस सेंटर का लाभ मिलेगा। अधिकारियों की मानें तो एक मरीज की डायलिसिस करने में चार घंटा लगता है। पहले जहां एक दिन में प्रतिदिन मात्र 18 मरीजों को डायलिसिस होती थी, अब 30 मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। इस संबंध में मरीज
महेंद्र कुमार का कहना था कि कम बेड रहने से प्रतीक्षा सूची की वजह से डायलिसिस का इलाज कराने के लिए निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ता था। चार बेड बढ़ने की सुविधा शुरू होने से एक रुपये के पर्चे पर ही इलाज मिल सकेगा। इससे पहले निजी सेंटरों में डायलिसिस कराने के लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ रहा था। शोभनाथ यादव का कहना था कि प्रतीक्षा सूची में रहने के चलते डायलिसिस कराने के लिए वाराणसी जाना पड़ता था। यहां चार बेड बढ़ने से अब समय और रुपये दोनों की बचत होगी। इस बाबत सीएमओ डॉ. नरेश अग्रवाल का कहना था कि
डायलिसिस यूनिट में चार बेड बढ़ने से अब जिला अस्पताल में प्रतिदिन 30 मरीजों की नि:शुल्क डायलसिस होगी। अस्पताल में लगी इन डायलसिस मशीनों से 12 घंटे के दौरान तीन शिफ्ट में मरीज को इसका लाभ मिलेगा।