वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना के गांधीनगर स्थित गोदाम में शुक्रवार रात 20 दिनों में दूसरी बार लगी भीषण आग में 10 लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आगलगी इतनी भीषण थी कि पांच दमकल गाड़ियों और सैकड़ों लोगों के प्रयास के बाद शनिवार सुबह नौ बजे आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम में बीते 18 दिसंबर को भी आग लगी थी। वह बीते वर्ष जिले की सबसे बड़ी आगलगी की घटना थी।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर निवासी सैयम खान का गांधीनगर में खान ट्रेडर्स के नाम से गोदाम है। गोदाम मालिक ने बताया कि शुक्रवार की शाम रोज की तरह गोदाम बंद होने के बाद वह और गोदाम में काम करने वाले स्टाफ घर चले गए। शनिवार भोर में गोदाम के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने फोन कर गोदाम से धुंआ निकलने की सूचना दी। मौके पर वह परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचकर शटर खोले तो देखा कि अंदर भीषण आग लगी हुई है। आग लगने की जानकारी पर मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस के साथ फायरबिग्रेड की गाड़ी भी एक घंटे बाद पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास करने में जुट गई। वहीं बाद में जिला मुख्यालय से दो गाड़ियां, घोसी से एक गाड़ी, मधुबन से एक दमकल की गाड़ी के साथ आजमगढ़ से दो दमकल गाड़ियां पहुंची। आग पर काबू पाने का प्रयास करने में जुटी रही, लेकिन अभी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया गया है। पीड़ित गोदाम मालिक सैयाम खान का कहना है कि अभी तक नुकसान के आंकड़ों का अंदाजा नहीं है, लेकिन दुकान में करीब 10 लाख का सामान था। इससे पहले भी 18 दिसंबर को गोदाम में भीषण आग लगने से सब कुछ तबाह हो गया था, इस बीच हिम्मत जुटा कर कार्य शुरू किया था लेकिन 20 दिन में यह दूसरी घटना ने पूरी तरह से तोड़ दिया है।
बंटवारे ने बड़ी आगलगी की घटना से रोका
वलीदपुर। सीएफओ के वर्मा ने बताया कि जिस गोदाम में आगलगी हुई है, वहां बीते 18 दिसंबर को आग लगी थी, जहां गोदाम में बड़ी मात्रा में सरसों के तेल का स्टॉक के साथ माचिस का स्टॉक भी रखा था। आग पर 10 घंटे से अधिक समय के बाद पांच दमकल गाड़ियों से काबू पाया गया था। बताया कि इसके बाद गोदाम मालिक को करीब 70 मीटर गहरे गोदाम को दो भागों में बनाकर सामान रखने की सलाह दी थी, जिस पर उसने अमल किया। दोबारा शुक्रवार रात आगलगी में गोदाम के भीतर पार्टीशन से केवल एक भाग में आग लगी थी। जिसे सुबह छह बजे सूचना मिलने के बाद तीन घंटे बाद पांच दमकल गाड़ियों से आग पर काबू पा लिया गया। आग का कारणों का पीड़ित गोदाम मालिक नहीं बता पाए हैं, लेकिन इस मामले को लेकर टीम गठित की गई है जो कि इन दोनों घटनाओं की जांच करेगी।