कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत में संचालित हेल्थकेयर एंड मैटरनिटी सेंटर में शनिवार की शाम करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत रही कि उस दौरान कोई मरीज भर्ती नहीं था।
आग लगने से आसपास के करीब 70 घरों की बिजली बाधित हो गई। कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत के बीच बाजार में हेल्थकेयर एंड मैटरनिटी सेंटर संचालित है, जो कस्बे में इकलौता 24 घंटे सेवा देने वाला अस्पताल है।
शनिवार की शाम करीब 8 बजे अस्पताल के अंदर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। अंदर बैठे डॉक्टर और कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग लगने से मेडिकल से संबंधित मशीनें, दवाइयां, बेड और अन्य उपकरण धू-धू कर जलने लगे।
किसी ने विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर बिजली आपूर्ति कटवाई। आग लगने से आसपास की दुकानें भी खतरे में आ गईं। लोगों ने अपने घरों के सबमर्सिबल चालू कर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब 20 मिनट बाद अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन लेकर पहुंची और आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे। चौंकाने वाली बात यह है कि अस्पताल में आग बुझाने का एक भी उपकरण मौजूद नहीं था, जो स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
वर्जन
कुर्थीजाफरपुर में किसी अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली थी, टीम ने दमकल वाहन के साथ पहुंचकर आग पर काबू पाया है। अस्पताल आग से बचाव के उपकरण मौजूद नहीं थे, बिना फायर एनओसी अस्पताल संचालन की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-के वर्मा, सीएफओ, मऊ